- जम्मू-कश्मीर के सांबा में संदिग्ध ड्रोन मूवमेंट, पूरे इलाके में ब्लैकआउट लागू
- भारतीय वायुसेना ने सक्रिय किया डिफेंस सिस्टम, सेना की लोगों से संयम बरतने की अपील
- सूत्रों का दावा – सेना ने कुछ ड्रोन्स को मार गिराया, LOC और इंटरनेशनल बॉर्डर के पास देखे गए
- पंजाब के जालंधर, होशियारपुर, फाजिल्का में भी ड्रोन मूवमेंट, ब्लैकआउट और धमाकों की सूचना
- सावधानी के चलते स्कूल-कॉलेज बंद, प्रशासन अलर्ट मोड में

सांबा और पंजाब में संदिग्ध ड्रोन की हलचल, ब्लैकआउट और अलर्ट मोड में सेना
जम्मू-कश्मीर के सांबा में सोमवार रात एक बार फिर संदिग्ध ड्रोन देखे गए, जिससे पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। ड्रोन देखे जाने के बाद प्रशासन ने ब्लैकआउट लागू कर दिया, और भारतीय वायुसेना ने तुरंत एयर डिफेंस सिस्टम सक्रिय कर दिया।
भारतीय सेना के अधिकारियों ने लोगों से संयम बरतने और अफवाहों से बचने की अपील की है। उन्होंने कहा कि स्थिति नियंत्रण में है और घबराने की जरूरत नहीं है।
यह घटना ऐसे समय पर हुई है जब भारत और पाकिस्तान के डीजीएमओ के बीच सीजफायर पर बातचीत का दौर चल रहा है। जानकारी के मुताबिक, सीजफायर के बाद भी पाकिस्तान की ओर से ड्रोन गतिविधियां जारी हैं।
सूत्रों के अनुसार, भारतीय सेना ने कुछ संदिग्ध ड्रोन मार गिराए हैं, जो इंटरनेशनल बॉर्डर और LOC के पास देखे गए थे। स्थानीय लोगों ने ड्रोन की रिकॉर्डिंग भी की है। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए सीमा से सटे इलाकों में स्कूल और कॉलेज बंद कर दिए गए हैं।
पंजाब के जालंधर और होशियारपुर में भी ड्रोन देखे जाने की पुष्टि हुई है। जालंधर में सायरन बजाए गए और बिजली आपूर्ति काट दी गई। होशियारपुर के दसूहा और मुकेरियां इलाकों में 5 से 7 धमाके सुनाई देने की सूचना है।
सुरक्षा के लिहाज से पंजाब के अमृतसर, पठानकोट और तरनतारन जिलों में 13 मई को स्कूल और कॉलेज बंद रहेंगे, वहीं फाजिल्का में अगले दो दिन के लिए सभी शैक्षणिक संस्थान बंद रखने का आदेश दिया गया है।




Leave a Reply