
India Pakistan Ceasefire Update: भारत-पाकिस्तान के बीच शनिवार (10 मई) को सीजफायर पर सहमति बनी, लेकिन रात में पाकिस्तान की ओर से गोलीबारी की खबरें आईं। इस पर जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने एक वीडियो साझा करते हुए कहा कि यह सीजफायर नहीं है क्योंकि श्रीनगर के बीचों-बीच एयर डिफेंस यूनिट ने अभी-अभी फायरिंग शुरू की है।
इस बयान के बाद पीडीपी प्रमुख महबूबा मुफ्ती ने प्रतिक्रिया देते हुए कहा, “जब दो देशों की सेनाएं आमने-सामने होती हैं, तो तनाव कम होने में समय लगता है। हमें थोड़ा धैर्य रखना चाहिए और ऐसे लोगों में नहीं बदलना चाहिए जो हर समय युद्ध के लिए तैयार रहते हैं।”
महबूबा मुफ्ती ने आगे कहा, “युद्ध कभी भी किसी समस्या का हल नहीं होता। युद्ध के दौरान लोग बेघर हो जाते हैं, जानें चली जाती हैं, बच्चे अनाथ हो जाते हैं और अस्पताल घायल लोगों से भर जाते हैं। हमें धैर्य रखना चाहिए और शांति की दिशा में प्रयास करना चाहिए।”
पड़ोसियों के साथ अच्छे संबंध जरूरी – मुफ्ती
महबूबा मुफ्ती ने भारत-पाकिस्तान सीजफायर को स्थायी बनाने की उम्मीद जताते हुए कहा, “हमारा देश बहुत बड़ा है, हमारी अर्थव्यवस्था मजबूत है। हमें बड़े भाई की भूमिका निभानी चाहिए। भारत सरकार को खुद आगे बढ़कर राजनीतिक प्रक्रिया शुरू करनी चाहिए और देखना चाहिए कि पाकिस्तान के साथ किस मुद्दे पर बात हो सकती है।”
इससे पहले सीएम उमर अब्दुल्ला ने भी संघर्षविराम का स्वागत किया था, लेकिन उन्होंने यह भी कहा कि यदि यह कुछ दिन पहले हो जाता, तो जो रक्तपात हुआ और जो कीमती जानें गईं, उन्हें बचाया जा सकता था।




Leave a Reply