- भारत-पाक तनाव के बीच युवाओं में देशभक्ति की लहर
- टैगोर थिएटर में उमड़ा सैकड़ों युवाओं का जनसैलाब
- “भारत माता की जय” और “वंदे मातरम्” के नारों से माहौल देशभक्ति में रंगा
- प्रशासन की अपील पर केवल लोकल युवाओं को दी जाएगी ट्रेनिंग
- एक हफ्ते की ट्रेनिंग के बाद तैनाती, महिलाओं की भी भागीदारी का स्वागत
☀️चंडीगढ़:
भारत-पाकिस्तान के बीच बढ़ते तनाव के बीच चंडीगढ़ में सिविल डिफेंस भर्ती को लेकर युवाओं में अभूतपूर्व जोश देखने को मिला। चंडीगढ़ प्रशासन की ओर से युवाओं को सिविल डिफेंस वालंटियर के रूप में सेवा का अवसर देने की घोषणा के बाद, शनिवार सुबह टैगोर थिएटर, सेक्टर-18 में युवाओं की भारी भीड़ जमा हो गई।
“भारत माता की जय” और “वंदे मातरम्” के नारों से माहौल देशभक्ति के रंग में डूबा नजर आया। इस भावुक दृश्य को देखकर ऐसा लगा मानो कोई फिल्मी सीन जीवंत हो गया हो, लेकिन यह वास्तविकता थी।

प्रशासन की अपील:
चंडीगढ़ प्रशासन ने स्पष्ट किया कि यह अवसर स्थानीय युवाओं के लिए है क्योंकि आपात स्थिति में बाहरी लोगों का मौके पर पहुंचना चुनौतीपूर्ण हो सकता है। फिर भी, कई बाहरी युवा भी रजिस्ट्रेशन करवाने पहुंचे।
ट्रेनिंग का विवरण:
डीसी निशांत यादव ने जानकारी दी कि वालंटियर्स को एक हफ्ते की ट्रेनिंग दी जाएगी, जिसमें सिविल डिफेंस के नियम, पुलिस के कार्यप्रणाली, राहत और बचाव कार्य, और जनजागरूकता के तरीके सिखाए जाएंगे। ट्रेनिंग के बाद चयनित वालंटियर्स को शहर के विभिन्न सेक्टरों, मार्केट और गांवों में तैनात किया जाएगा।
देशभक्ति की भावना सोशल मीडिया पर भी हावी:
ट्विटर, फेसबुक, इंस्टाग्राम पर युवा देशसेवा की भावना से ओतप्रोत नजर आ रहे हैं। एक वायरल वीडियो में युवक कहता दिखा: “बस बंदूक पकड़ा दीजिए, हम अपने दुश्मनों को ठोक कर आएंगे।” यह वीडियो देशभक्ति की भावना को और भी अधिक प्रबल कर रहा है।




Leave a Reply