
श्रीनगर:
पहल्गाम आतंकी हमले में जान गंवाने वाले 26 पर्यटकों को श्रद्धांजलि देने जब गृह मंत्री अमित शाह श्रीनगर के पुलिस कंट्रोल रूम पहुंचे, तो वहां का माहौल बेहद गमगीन और भावुक था। मृतकों के परिजनों से मिलते ही शाह खुद भी मर्माहत दिखे और परिजनों को ढांढस बंधाया।
परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल
मृतकों के परिवार अपने आंसुओं पर काबू नहीं रख सके। जैसे ही वे अमित शाह से मिले, वहां विलाप का दृश्य छा गया। गृह मंत्री ने हर एक से व्यक्तिगत रूप से बात की, और एक छोटे बच्चे को गले लगाकर सांत्वना दी। उन्होंने परिजनों से कहा कि हिम्मत से काम लें, सरकार उनके साथ खड़ी है।

भारत आतंक के आगे नहीं झुकेगा
अमित शाह ने सोशल मीडिया पर कहा, “भारी मन से पहलगाम आतंकी हमले के मृतकों को श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं। भारत आतंक के आगे नहीं झुकेगा। दोषियों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा।”
शहीदों को श्रद्धांजलि देने पहुंचे पहलगाम
श्रीनगर से करीब 110 किलोमीटर दूर बैसरन इलाके में हमले की जगह का हवाई निरीक्षण कर शाह ने मौके का जायजा लिया। उन्होंने सुरक्षा अधिकारियों से हमले की विस्तृत जानकारी ली और स्थिति की समीक्षा बैठक की अध्यक्षता भी की, जिसमें उपराज्यपाल भी मौजूद थे।
26 निर्दोष पर्यटकों की गई जान
इस बर्बर आतंकी हमले में मंगलवार को दक्षिण कश्मीर के पहलगाम क्षेत्र में पर्यटकों पर हमला कर 26 लोगों की जान ले ली गई, जबकि कई घायल हुए। मृतकों में अधिकांश पर्यटक थे, जो गर्मी की छुट्टियों में कश्मीर घूमने आए थे।




Leave a Reply