निशिकांत दुबे का तीखा हमला: “आप चुनाव आयुक्त नहीं, मुस्लिम आयुक्त थे” – पूर्व CEC कुरैशी पर सीधा वार
गोड्डा (झारखंड) – भाजपा सांसद निशिकांत दुबे एक बार फिर अपने बयानों को लेकर सुर्खियों में हैं। इस बार उन्होंने पूर्व मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) एसवाई कुरैशी पर जोरदार हमला बोला है। दुबे ने वक्फ अधिनियम को लेकर कुरैशी के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि वह चुनाव आयुक्त नहीं बल्कि मुस्लिम आयुक्त थे।
पूर्व CEC कुरैशी ने हाल ही में सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक पोस्ट में केंद्र सरकार की वक्फ अधिनियम को लेकर आलोचना की थी। उन्होंने इसे मुस्लिमों की जमीन हड़पने की ‘भयावह योजना’ बताया था और उम्मीद जताई थी कि सुप्रीम कोर्ट इस पर सवाल उठाएगा।

इस पर जवाब देते हुए निशिकांत दुबे ने लिखा,
“आप चुनाव आयुक्त नहीं, मुस्लिम आयुक्त थे। झारखंड के संथालपरगना में बांग्लादेशी घुसपैठियों को सबसे ज़्यादा वोटर आपके कार्यकाल में ही बनाया गया।”
दुबे यहीं नहीं रुके। उन्होंने कहा कि
“पैगंबर मोहम्मद साहब का इस्लाम भारत में 712 में आया। उससे पहले यह भूमि हिंदुओं, आदिवासियों, जैन और बौद्धों की थी। मेरे गांव विक्रमशिला को बख्तियार खिलजी ने 1189 में जलाया था। विक्रमशिला विश्वविद्यालय ने दुनिया को पहला कुलपति अतिश दीपांकर के तौर पर दिया।”
साथ ही उन्होंने यह भी जोड़ा कि इतिहास पढ़ने की जरूरत है,
“देश को जोड़ो, इतिहास पढ़ो। तोड़ने से पाकिस्तान बना था। अब भारत का बंटवारा नहीं होगा।”
हालांकि, भाजपा ने दुबे के बयानों से खुद को अलग कर लिया है। पार्टी अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कहा कि ये सांसद के निजी विचार हैं और पार्टी की राय नहीं।




Leave a Reply