Highlights Words:
मोदी, राष्ट्रपति, BJP अध्यक्ष, कैबिनेट फेरबदल, राजनीतिक हलचल
बेतूलहब न्यूज | नई दिल्ली:
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मुलाकात और लगातार दूसरे दिन BJP के शीर्ष नेताओं की मीटिंग्स ने राजनीतिक गलियारों में बड़ी हलचल पैदा कर दी है। सूत्रों के मुताबिक, बीजेपी में जल्द बड़ा संगठनात्मक बदलाव हो सकता है और नया राष्ट्रीय अध्यक्ष घोषित किया जा सकता है।
हालांकि पीएम मोदी की राष्ट्रपति से मुलाकात को आधिकारिक बताया गया है, जिसमें देश के प्रमुख मुद्दों और विदेश यात्राओं पर चर्चा होती है, लेकिन माना जा रहा है कि इस दौरान सुप्रीम कोर्ट के हालिया फैसले पर भी बात हुई। कोर्ट ने अपने फैसले में राज्यपालों और राष्ट्रपति को विधानसभा से पास बिलों पर तीन महीने में निर्णय लेने की समयसीमा तय की है। सरकार इस पर पुनर्विचार याचिका दाखिल करने की तैयारी में है!

कैबिनेट में नए चेहरों की एंट्री संभव
भीतरखाने खबर है कि जल्द कैबिनेट फेरबदल हो सकता है। बिहार में चुनाव निकट हैं और तमिलनाडु व पश्चिम बंगाल में 2026 में विधानसभा चुनाव होने हैं। इन राज्यों से कुछ नए चेहरों को केंद्रीय मंत्रिमंडल में जगह दी जा सकती है।
BJP अध्यक्ष बदलने की तैयारी
बुधवार को प्रधानमंत्री मोदी ने अमित शाह, राजनाथ सिंह और बीएल संतोष से मुलाकात की, जिससे यह संकेत मिल रहे हैं कि पार्टी जल्द नया अध्यक्ष घोषित कर सकती है। यह बैठक, शाह और सिंह द्वारा मौजूदा अध्यक्ष जेपी नड्डा से मीटिंग के बाद हुई, जिससे अटकलें और तेज हो गई हैं।
सूत्रों के अनुसार, बुधवार देर शाम शाह और नड्डा के बीच हुई बैठक राष्ट्रीय अध्यक्ष पद के बदलाव की दिशा में अहम मानी जा रही है। नड्डा का कार्यकाल पहले ही लोकसभा चुनावों के चलते बढ़ाया गया था।
BJP अध्यक्ष का चयन कैसे होता है?
पार्टी के संविधान के अनुसार, अध्यक्ष का कार्यकाल दो बार तीन-तीन साल तक हो सकता है। अध्यक्ष का चुनाव राष्ट्रीय परिषद और राज्य परिषदों के सदस्यों वाले निर्वाचक मंडल द्वारा किया जाता है। अब तक 14 राज्यों में प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त हो चुके हैं, जिससे संकेत मिल रहे हैं कि जल्द राष्ट्रीय अध्यक्ष के चुनाव की प्रक्रिया पूरी हो सकती है।
Leave a Reply