रायपुर: छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के घर पर बुधवार (26 मार्च, 2025) की सुबह CBI की टीम ने छापा मारा। यह कार्रवाई महादेव सट्टा ऐप और चर्चित सीडी कांड से जुड़ी बताई जा रही है। इस दौरान भिलाई विधायक देवेंद्र यादव समेत कई आईपीएस अधिकारियों और पुलिसकर्मियों के ठिकानों पर भी सीबीआई ने रेड की है।
CBI ने एक साथ कई जगहों पर मारा छापा
जानकारी के मुताबिक, सीबीआई की 10 से अधिक टीमें 26 मार्च की सुबह रायपुर से अलग-अलग स्थानों के लिए निकली थीं। एक टीम ने पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के रायपुर स्थित आवास पर रेड की, जबकि अन्य टीमों ने आईपीएस अधिकारी अभिषेक पल्लव, एएसपी संजय ध्रुव, एएसपी आरिफ शेख, आनंद छाबड़ा और पुलिसकर्मियों नकुल-सहदेव के ठिकानों पर छापेमारी की।

4 अप्रैल को रिवीजन पिटीशन पर सुनवाई
इससे पहले, प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने भी इसी तरह की कार्रवाई की थी। सीडी कांड मामले में CBI ने रिवीजन पिटीशन दायर की थी, जिस पर 4 अप्रैल को सुनवाई होनी है। इससे पहले विशेष अदालत ने भूपेश बघेल को डिस्चार्ज कर दिया था, लेकिन CBI ने नए साक्ष्य और गवाहों के आधार पर केस दोबारा खोलने की मांग की है।
क्या है सीडी कांड?
27 अक्टूबर, 2017 को भूपेश बघेल ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में एक कथित आपत्तिजनक वीडियो जारी किया था। उन्होंने दावा किया था कि इस वीडियो में छत्तीसगढ़ के तत्कालीन मंत्री राजेश मूणत हैं। हालांकि, मूणत ने इन आरोपों को खारिज कर दिया था। बाद में इस मामले की जांच सीबीआई को सौंपी गई और अब इस केस में नई जानकारियां सामने आई हैं।
CBI के पास नई जानकारियां, भूपेश बघेल को अदालत में होना पड़ सकता है पेश
CBI ने कोर्ट में यह दावा किया है कि मामले में महत्वपूर्ण नए साक्ष्य मिले हैं। अगर कोर्ट इस पर विचार करती है, तो भूपेश बघेल को अदालत में पेश होना पड़ सकता है। इस रेड को लेकर राजनीतिक हलकों में चर्चा तेज हो गई है।




Leave a Reply