यूक्रेन-रूस में ऐतिहासिक सीजफायर, ऊर्जा संरचनाओं पर हमले भी रुकेंगे
रूस और यूक्रेन के बीच तीन साल से जारी युद्ध के बीच ब्लैक सी (काला सागर) में युद्धविराम (Ceasefire) की सहमति बन गई है। अमेरिका ने मंगलवार को घोषणा की कि दोनों देश व्यापारिक जहाजों की सुरक्षा, समुद्री मार्गों को सुरक्षित बनाने और युद्ध में उनके सैन्य उपयोग को रोकने के लिए भी कदम उठाने को तैयार हैं।
सऊदी अरब में हुई वार्ता का नतीजा
ब्लूमबर्ग की रिपोर्ट के अनुसार, यह ऐतिहासिक समझौता सऊदी अरब में तीन दिनों तक चली वार्ता के बाद सामने आया। इसमें रूस और यूक्रेन के तकनीकी प्रतिनिधियों ने भाग लिया। इस बातचीत के बाद व्हाइट हाउस ने बयान जारी कर कहा कि दोनों देशों ने एनर्जी इंफ्रास्ट्रक्चर पर हमले रोकने पर भी सहमति दी है।

ट्रंप की मध्यस्थता ने निभाई अहम भूमिका
इस समझौते को करवाने में सबसे बड़ा योगदान अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का माना जा रहा है। ट्रंप ने हाल ही में रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन और यूक्रेनी राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की से फोन पर बातचीत की थी। उन्होंने दोनों देशों को 30 दिनों के युद्धविराम के लिए तैयार कर लिया। हालांकि, इस सीजफायर को लागू करने और उसकी निगरानी की प्रक्रिया अभी स्पष्ट नहीं हुई है।
क्या अमेरिका देगा रूस को व्यापारिक रियायतें?
रूस ने इस समझौते के बदले अमेरिका से व्यापारिक रियायतें हासिल कर ली हैं। व्हाइट हाउस के अनुसार, अमेरिका रूस को वैश्विक बाजार तक कृषि और उर्वरक (Fertilizer) निर्यात में मदद करेगा। इसके अलावा, समुद्री बीमा लागत घटाने और वित्तीय लेन-देन की सुविधा देने पर भी चर्चा हुई है।
कैसे हुआ यह समझौता?
सऊदी अरब में 12 घंटे की गुप्त बैठक के दौरान इस समझौते की रूपरेखा तय की गई। बैठक के बाद रूस के पूर्व उप-विदेश मंत्री ग्रिगोरी करासिन ने कहा कि अमेरिका-रूस की बातचीत कठिन लेकिन रचनात्मक रही। उन्होंने यह भी बताया कि संयुक्त राष्ट्र और अन्य देशों को भी इस वार्ता में शामिल किया जाएगा।









Leave a Reply