RCB की शानदार शुरुआत, पाटीदार ने कोहली और गेंदबाजों को दिया श्रेय
कोलकाता: आईपीएल 2025 के उद्घाटन मैच में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) को 7 विकेट से हरा दिया। कोलकाता के ईडन गार्डंस में खेले गए इस मुकाबले में RCB ने 22 गेंद शेष रहते जीत दर्ज की।

RCB के नए कप्तान रजत पाटीदार ने जीत के बाद कहा कि उन पर मैच से पहले दबाव था, लेकिन विराट कोहली के समर्थन और टीम की गेंदबाजी रणनीति के चलते यह दबाव कम हो गया। पाटीदार ने कहा,
“मेरे ऊपर दबाव था, लेकिन यह मेरे लिए अच्छा दिन रहा। विराट कोहली के साथ खेलना शानदार अनुभव है। वह बेहतरीन खिलाड़ियों में से एक हैं और उनसे सीखने का यह शानदार मौका है।”
स्पिनर्स ने पलटा मैच का पासा
KKR ने पहले बल्लेबाजी करते हुए अजिंक्य रहाणे (56) और सुनील नारायण (44) की पारियों की बदौलत 8 विकेट पर 174 रन बनाए। लेकिन बीच के ओवरों में क्रुणाल पांड्या (3/29) और सुयश शर्मा ने मैच का पासा पलट दिया।
पाटीदार ने स्पिनर्स की तारीफ करते हुए कहा,
“हमें (आंद्रे) रसेल का विकेट चाहिए था, रन मायने नहीं रखते थे। क्रुणाल और सुयश को पूरा श्रेय जाता है, क्योंकि 13वें ओवर में KKR 130 रन पर थी, लेकिन गेंदबाजों ने शानदार प्रदर्शन किया।”
RCB की दमदार बल्लेबाजी
लक्ष्य का पीछा करने उतरी RCB की शुरुआत शानदार रही। विराट कोहली (नाबाद 59) और फिल सॉल्ट (56) ने मजबूत साझेदारी की। इसके बाद रजत पाटीदार (34) और लियाम लिविंगस्टोन (15)* ने टीम को 16.2 ओवर में जीत दिलाई।
प्वॉइंट्स टेबल में टॉप पर पहुंची RCB
इस जीत के साथ RCB प्वॉइंट्स टेबल में पहले स्थान पर पहुंच गई। RCB के 2 पॉइंट्स हैं और नेट रनरेट +2.137 है। अब RCB का अगला मुकाबला 28 मार्च को चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) से होगा।




Leave a Reply