अररिया, बिहार: बिहार के अररिया जिले में एसटीएफ (स्पेशल टास्क फोर्स) ने एक बड़े एनकाउंटर में कुख्यात लुटेरा चुनमुन झा को मार गिराया। यह अपराधी पूर्णिया के चर्चित तनिष्क शोरूम लूटकांड में वांछित था और कई महीनों से फरार चल रहा था। इस मुठभेड़ में एसटीएफ और पुलिस के पांच जवान घायल हो गए, जिनका अस्पताल में इलाज जारी है।
कैसे हुआ एनकाउंटर?
यह एनकाउंटर नरपतगंज थाना क्षेत्र के थलहा नहर के पास शनिवार तड़के हुआ। पुलिस को सूचना मिली थी कि चुनमुन झा वहीं छिपा हुआ है। तड़के करीब 3 बजे एसटीएफ और अररिया पुलिस ने संयुक्त अभियान चलाया। इस दौरान अपराधियों ने फायरिंग शुरू कर दी, जिसके जवाब में पुलिस ने भी गोलीबारी की।

6-7 गोलियां लगने से मौत
मुठभेड़ में चुनमुन झा गंभीर रूप से घायल हो गया। सीने में 6-7 गोलियां लगने के बाद उसे पहले नरपतगंज पीएससी और फिर अररिया सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
घटना के बाद क्या हुआ?
एनकाउंटर के बाद एसपी अंजनी कुमार, एसडीपीओ राम पुकार सिंह और सीडीपीओ मुकेश शाह समेत भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा। एक अपराधी मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश जारी है।
घायल पुलिसकर्मियों का इलाज जारी
इस एनकाउंटर में एसटीएफ के तीन जवान और नरपतगंज थाना प्रभारी विकास कुमार घायल हो गए। सभी का इलाज नरपतगंज अस्पताल में किया जा रहा है।




Leave a Reply