बैतूल: जिले में डीजल चोरी की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। हाल ही में चौड़ाडोंगरी के एक वेयरहाउस के पास खड़े ट्रक से चोरों ने चंद सेकंड में पूरा डीजल टैंक खाली कर दिया। यह पूरी घटना CCTV कैमरे में कैद हो गई, जिससे पुलिस अब आरोपियों की तलाश में जुट गई है।

रात में खड़े ट्रक को बनाया निशाना
जानकारी के मुताबिक, ट्रक चालक रामप्रसाद ने रात में अपना ट्रक टोल काटे पर खड़ा किया था। सुबह जब उन्होंने जांच की, तो पाया कि डीजल टैंक का ताला टूटा हुआ था और टैंक पूरी तरह खाली था। रामप्रसाद ने तुरंत पुलिस चौकी में शिकायत दर्ज कराई।
16 सेकंड में हुई चोरी
CCTV फुटेज के अनुसार, यह घटना रात 1:53 बजे हुई। वीडियो में दो युवक नजर आ रहे हैं—एक व्यक्ति निगरानी कर रहा था, जबकि दूसरा बड़ी तेजी से डीजल निकाल रहा था। महज 16 सेकंड के भीतर चोरों ने पूरा टैंक खाली कर दिया और फरार हो गए।
CCTV फुटेज के आधार पर जांच शुरू
पुलिस ने फुटेज अपने कब्जे में ले लिया है और आरोपियों की तलाश जारी है। पुलिस का कहना है कि बैतूल में बढ़ती डीजल चोरी की घटनाओं पर रोक लगाने के लिए निगरानी बढ़ाई जाएगी।




Leave a Reply