शशि थरूर, मोदी सरकार, पाकिस्तान, आतंकवाद, प्रतिनिधिमंडल
मोदी सरकार ने शशि थरूर को सौंपी विदेश दौरे की बड़ी जिम्मेदारी, बोले- “देश को एकजुट होना चाहिए”
नई दिल्ली। पहलगाम आतंकी हमले के बाद भारत ने पाकिस्तान और POK में चल रहे आतंकी ठिकानों के खिलाफ ऑपरेशन सिंदूर के तहत कड़ा एक्शन लिया है। अब भारत इस मुद्दे को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उठाने की रणनीति पर काम कर रहा है। इसके तहत मोदी सरकार ने पाक प्रायोजित आतंकवाद के खिलाफ देश का रुख स्पष्ट करने के लिए विभिन्न देशों में बहुदलीय सांसद प्रतिनिधिमंडल भेजने का फैसला लिया है।

इस कड़ी में कांग्रेस सांसद शशि थरूर को भी एक प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व करने की जिम्मेदारी दी गई है। थरूर विदेश मामलों पर संसद की स्थायी समिति के अध्यक्ष भी हैं। उन्होंने इस पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए कहा,
“मेरी पार्टी का नेतृत्व मेरी योग्यताओं या कमियों को लेकर राय रखने का हकदार है। मुझे यह जिम्मेदारी सौंपी गई है, इसका मैं सम्मान करता हूं और इसे पूरी निष्ठा के साथ निभाऊंगा, जैसे मैंने पहले की जिम्मेदारियों को निभाया है।“
थरूर ने आगे बताया कि उन्होंने इस प्रतिनिधिमंडल में शामिल होने की सूचना अपनी पार्टी को दे दी है और संसदीय मामलों के मंत्री से भी चर्चा की है। उन्होंने कहा कि
“देश को इस मुद्दे पर एकजुट होना चाहिए, क्योंकि यह राष्ट्रीय हित से जुड़ा मामला है।“
इस बीच कांग्रेस ने भी पाक प्रायोजित आतंकवाद पर भारत का रुख रखने के लिए चार नेताओं को नामित किया है – पूर्व केंद्रीय मंत्री आनंद शर्मा, लोकसभा में पार्टी के उपनेता गौरव गोगोई, राज्यसभा सदस्य सैयद नासिर हुसैन और लोकसभा सांसद अमरिंदर सिंह राजा वडिंग।




Leave a Reply