बुर्किना फासो में बड़ा आतंकी हमला, 100 से ज्यादा लोगों की मौत की आशंका
अल-कायदा से जुड़े जिहादी संगठन JNIM ने ली हमले की जिम्मेदारी
दुनिया एक बार फिर आतंकी हमलों से दहल गई है। अफ्रीकी देश बुर्किना फासो के उत्तरी हिस्से में हुए भीषण आतंकी हमले में 100 से ज्यादा लोगों की मौत की खबर सामने आई है। जिहादी संगठन जमात नस्र अल-इस्लाम वाल-मुस्लिमीन (JNIM) ने इस हमले की जिम्मेदारी ली है।

स्थानीय निवासियों और सहायता कर्मियों के अनुसार, मारे गए लोगों में अधिकांश सैन्यकर्मी हैं। यह हमला रविवार सुबह 6 बजे हुआ, जब आतंकियों ने एक साथ 8 अलग-अलग इलाकों को निशाना बनाया। बुर्किना फासो वायुसेना को तितर-बितर करने के लिए यह हमला सुनियोजित तरीके से अंजाम दिया गया।
जिबो शहर बना हमले का मुख्य केंद्र
AP रिपोर्ट के अनुसार, आतंकियों ने सबसे बड़ा हमला रणनीतिक शहर जिबो में किया। उन्होंने सबसे पहले शहर के सभी प्रवेश द्वारों पर कब्जा कर लिया और फिर सैन्य शिविरों व आतंकवाद निरोधी यूनिट पर हमला किया। यह इलाका पहले भी आतंकी हमलों का शिकार बन चुका है, लेकिन इस बार हमला कहीं ज्यादा भयावह था।
बुर्किना फासो की आबादी करीब 2.3 करोड़ है और यह देश साहेल क्षेत्र में स्थित है, जो पिछले कुछ वर्षों से आतंकी गतिविधियों का वैश्विक केंद्र बन गया है।









Leave a Reply