भारतीय वायुसेना (IAF) ने सोमवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस में जानकारी दी कि 7 मई को हुए ऑपरेशन सिंदूर के तहत सिर्फ आतंकी ठिकानों को निशाना बनाया गया था। वायुसेना ने साफ किया कि पाकिस्तान की तरफ से की गई जवाबी कार्रवाई ने भारत को मजबूरन प्रतिक्रिया देने पर विवश किया।
IAF ने बताया कि पाकिस्तान ने चीनी मिसाइलों के जरिए भारत पर हमला करने की कोशिश की, लेकिन हमारा मल्टी-लेयर एयर डिफेंस सिस्टम पूरी तरह सतर्क था। इन मिसाइलों को हवा में ही नष्ट कर दिया गया।
एयर मार्शल भारती ने प्रेस को संबोधित करते हुए कहा, “हमने युद्ध नहीं, आतंक के खिलाफ ऑपरेशन चलाया था। लेकिन पाकिस्तान की सेना ने इसे व्यक्तिगत हमला मान लिया। जवाबी कार्रवाई में हमने नूर खान एयरबेस को तबाह कर दिया और कई अन्य सैन्य ठिकानों को गंभीर नुकसान पहुंचाया।”

भारतीय सेना ने सीमा पार किए बिना जवाबी कार्रवाई को अंजाम दिया। एयर मार्शल ने यह भी कहा कि हमारे सभी लड़ाकू विमान और हथियार पूरी तरह ऑपरेशनल हैं और दुश्मन का मुंहतोड़ जवाब देने के लिए तैयार हैं।
इससे पहले रविवार को सेना ने पाकिस्तान के झूठ का पर्दाफाश करते हुए बताया था कि ऑपरेशन सिंदूर के सभी लक्ष्य पूरी तरह सफल रहे, और पाकिस्तान को उसकी हरकतों का कई गुना जवाब दिया गया।
भारत ने दुनिया को अपनी सैन्य ताकत का एहसास करा दिया है, और पाकिस्तान को स्पष्ट संदेश दे दिया गया है कि भारत जब चाहे और जहां चाहे जवाबी कार्रवाई कर सकता है।




Leave a Reply