सीजफायर के बाद भी नहीं रुकी पाकिस्तान की फायरिंग, भारत ने जताया विरोध, चीन ने दी संयम की सलाह
सीजफायर की घोषणा के कुछ ही घंटे बाद पाकिस्तानी सेना ने फिर से संघर्षविराम का उल्लंघन कर भारत की सीमाओं पर फायरिंग शुरू कर दी। गुजरात, जम्मू-कश्मीर और राजस्थान की सीमाओं पर गोलाबारी की खबर है। इसके साथ ही श्रीनगर में सेना मुख्यालय के पास संदिग्ध ड्रोन गतिविधियों की भी जानकारी मिली है।
सूत्रों के मुताबिक, पाकिस्तान सरकार और उसकी सेना में समन्वय की भारी कमी देखी जा रही है। माना जा रहा है कि पाकिस्तानी सेना प्रमुख जनरल आसिम मुनीर सरकार के आदेशों को नजरअंदाज कर रहे हैं और आतंकियों की बातों पर ज्यादा भरोसा कर रहे हैं। इसी वजह से पाकिस्तान की सेना संघर्षविराम के समझौते को गंभीरता से नहीं ले रही है।

भारत के विदेश सचिव विक्रम मिसरी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में स्पष्ट किया कि भारत पर हुई फायरिंग का करारा जवाब दिया जाएगा। उन्होंने कहा, “भारत सीजफायर का सम्मान करता है, लेकिन जवाब देने के लिए भी तैयार है।”
इस बीच पाकिस्तान के विदेश मंत्रालय ने बयान जारी कर भारत पर ही संघर्षविराम तोड़ने का आरोप लगाया और दावा किया कि वे सीजफायर के लिए प्रतिबद्ध हैं। साथ ही पाकिस्तान सरकार ने अपने ही सैनिकों से संयम बरतने की अपील की है।
चीन भी इस तनाव को लेकर चिंतित है। चीन के विदेश मंत्री वांग यी ने भारत के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल से बातचीत की और उम्मीद जताई कि दोनों देश बातचीत के जरिए समाधान निकालेंगे। वांग ने पहलगाम आतंकी हमले की कड़ी निंदा की, जिसमें 26 लोग मारे गए थे।
इस हमले के बाद भारत ने पाकिस्तान और पीओके में आतंकी ठिकानों पर सैन्य कार्रवाई की थी, जिसके बाद से तनाव और बढ़ गया है। वांग ने पाकिस्तान के उप प्रधानमंत्री और विदेश मंत्री इसहाक डार से भी इस मुद्दे पर बात की है।




Leave a Reply