Highlights Words:
ऑपरेशन सिंदूर, ऋषि सुनक, आतंक पर हमला, पीएम मोदी, पहलगाम हमला, भारतीय सेना
ऑपरेशन सिंदूर पर ऋषि सुनक का बड़ा समर्थन, बोले- भारत का जवाबी हमला बिल्कुल जायज
भारत द्वारा पाकिस्तान और पीओके में स्थित आतंकी ठिकानों पर किए गए ऑपरेशन सिंदूर को लेकर ब्रिटेन के पूर्व प्रधानमंत्री ऋषि सुनक ने बड़ा बयान दिया है। उन्होंने भारत के इस कदम को पूरी तरह जायज करार दिया है और कहा है कि किसी भी देश को यह स्वीकार नहीं करना चाहिए कि उसके नागरिकों पर हमले किसी दूसरे देश की जमीन से किए जाएं।
ऋषि सुनक ने एक्स (पूर्व ट्विटर) पर लिखा, “भारत को पूरा हक है कि वह आतंकवादी ढांचे पर जवाबी हमला करे। आतंकियों को सजा से बचने की कोई छूट नहीं होनी चाहिए।”

पीएम मोदी ने दिया नाम ‘ऑपरेशन सिंदूर’
22 अप्रैल को जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले में 26 नागरिकों की हत्या के बाद भारतीय सशस्त्र बलों ने पाकिस्तान और पीओके स्थित 9 आतंकी ठिकानों को निशाना बनाया। इस जवाबी कार्रवाई को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ नाम दिया।
सरकारी सूत्रों के अनुसार, हमला रात 1:05 से 1:30 बजे के बीच हुआ, जिसमें ड्रोन और मिसाइलों के जरिए बहावलपुर में जैश-ए-मोहम्मद के गढ़ और मुरीदके में लश्कर-ए-तैयबा के अड्डे को सटीकता से निशाना बनाया गया।
‘सिंदूर’ नाम के पीछे का भाव
यह नाम उन शहीदों की पत्नियों के सम्मान में रखा गया, जिनके पति हाल ही में विवाह के बाद अपने जीवन की नई शुरुआत करने पहलगाम पहुंचे थे और आतंकी हमले के शिकार हो गए।
लेफ्टिनेंट विनय नरवाल, दिनेश मिरानिया और शुभम द्विवेदी जैसे नवविवाहित युवकों की शहादत और उनकी विधवाओं की तस्वीरों ने पूरे देश को झकझोर दिया।
प्रधानमंत्री मोदी ने खुद रातभर ऑपरेशन पर नजर रखी और अगले दिन कैबिनेट बैठक में सशस्त्र बलों की सराहना की।




Leave a Reply