Highlights:
पहलगाम आतंकी हमले के बाद भारत ने पाकिस्तान पर लिया सख्त एक्शन
पीएम मोदी बोले- हर भारतीय का खून खौल रहा है, दोषियों को मिलेगी सख्त सजा
भारत ने सिंधु जल संधि निलंबित कर पाक को पानी संकट की ओर धकेला
बिलावल भुट्टो ने कहा- भारत ने बातचीत का प्रस्ताव ठुकराया, दी खून बहाने की धमकी
भारत ने पाकिस्तानी नागरिकों के वीजा रद्द कर अटारी बॉर्डर किया बंद
➡️ देश-विदेश:
पहलगाम आतंकी हमले (Pahalgam Terror Attack) के बाद भारत और पाकिस्तान के बीच तनाव अपने चरम पर है। हमले में 26 निर्दोष लोगों की मौत के बाद भारत ने पाकिस्तान के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए कड़ा संदेश दिया है। पाकिस्तान अब बातचीत की गुहार लगा रहा है, लेकिन भारत अपने रुख पर अडिग नजर आ रहा है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (PM Modi) ने ‘मन की बात’ कार्यक्रम में इस हमले पर गहरी संवेदना जताते हुए कहा कि हर भारतीय का खून खौल रहा है। उन्होंने पीड़ित परिवारों को भरोसा दिलाया कि आतंकियों और उनके समर्थकों को सख्त सजा दी जाएगी। पीएम मोदी ने कहा कि कश्मीर को फिर से अशांत करने की साजिश को किसी भी कीमत पर सफल नहीं होने दिया जाएगा।
भारत ने हमला होने के बाद कड़ा कदम उठाते हुए सिंधु जल संधि (Indus Water Treaty) को निलंबित कर दिया है। इससे पाकिस्तान को भविष्य में पानी की गंभीर समस्या का सामना करना पड़ सकता है। इसके साथ ही भारत ने पाकिस्तानी नागरिकों के वीजा रद्द कर दिए और अटारी बॉर्डर को भी बंद कर दिया है।
इधर पाकिस्तान पीपुल्स पार्टी (PPP) के अध्यक्ष बिलावल भुट्टो जरदारी ने भारत से बातचीत की गुहार लगाई। एक निजी चैनल को दिए इंटरव्यू में उन्होंने भारत द्वारा बातचीत का प्रस्ताव ठुकराए जाने पर अफसोस जताया और उकसाऊ बयान देते हुए कहा- “अगर भारत ने सिंधु का पानी रोका, तो नदियों में खून बहेगा।”
भारत सरकार ने बिलावल के इस बयान की तीखी आलोचना की। केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने कहा कि पाकिस्तान जैसे आतंकवाद को संरक्षण देने वाले देश के नेता ऐसे बयान देकर अपनी हताशा जाहिर कर रहे हैं।
स्पष्ट है कि भारत अब किसी भी दबाव में नहीं आने वाला और पाकिस्तान की बातचीत की रणनीति का उस पर कोई असर नहीं दिख रहा।




Leave a Reply