Highlights:
पहलगाम आतंकी हमले के बाद देशभर में आक्रोश का माहौल।
अमित शाह ने सभी राज्यों के मुख्यमंत्रियों को तत्काल कार्रवाई का निर्देश दिया।
नीतीश कुमार ने बिहार में अधिकारियों को अलर्ट कर सौंपा बड़ा जिम्मा।
पाकिस्तानी नागरिकों के वीजा 29 अप्रैल तक रद्द, कड़ी निगरानी के आदेश।
पटना में संदिग्ध आतंकियों के स्केच के बाद शहर में सघन छापेमारी शुरू।
Pahalgam Terror Attack: जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद पूरे देश में भारी आक्रोश का माहौल है। हमले के तुरंत बाद केंद्र सरकार ने सभी राज्यों के मुख्यमंत्रियों को सख्त निर्देश जारी किए। गृह मंत्री अमित शाह ने राज्यों को आदेश दिया कि निर्धारित समय सीमा के बाद उनके राज्य में कोई भी पाकिस्तानी नागरिक मौजूद न रहे।

इस निर्देश के बाद बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने भी तुरंत एक्शन लेते हुए अधिकारियों को अलर्ट कर दिया। राज्य सरकार ने एक बयान जारी कर कहा कि, “पहलगाम आतंकी हमले को ध्यान में रखते हुए केंद्र सरकार ने पाकिस्तानी नागरिकों के लिए सभी वीजा सेवाओं को तत्काल प्रभाव से निलंबित करने का निर्णय लिया है।” इसी के तहत बिहार के सभी जिलों के डीएम, एसएसपी और एसपी को आदेश दिया गया है कि वे इस निर्णय को सख्ती से लागू करें।
29 अप्रैल को पाकिस्तानी नागरिकों के लिए जारी 14 श्रेणियों के वीजा की समय सीमा समाप्त हो रही है। इसके बाद किसी भी पाकिस्तानी नागरिक को राज्य में रहने की अनुमति नहीं दी जाएगी।
इसी बीच एक और बड़ी खबर सामने आई है कि हमले के बाद सुरक्षा एजेंसियों ने तीन संदिग्ध आतंकियों के स्केच जारी किए हैं। इनमें से दो संदिग्धों को लेकर इनपुट मिला है कि उनके मिलते-जुलते चेहरे पटना में देखे गए हैं। इस इनपुट के बाद कोतवाली थाना पुलिस ने सतर्कता बढ़ा दी है और शहर के प्रमुख इलाकों में तीन टीमों ने ताबड़तोड़ छापेमारी शुरू कर दी है। राजधानी में सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत कर दिया गया है।




Leave a Reply