दिल्ली में जल्द शुरू होगी ‘देवी’ इलेक्ट्रिक बस सेवा, किराया मात्र ₹10 से शुरू, जानें डिपो और रूट की जानकारी
हाइलाइट्स:
- 22 अप्रैल से शुरू होगी ‘देवी’ मोहल्ला इलेक्ट्रिक बस सेवा
- 255 नौ मीटर लंबी इलेक्ट्रिक बसें होंगी शामिल
- महिलाओं को पिंक टिकट से मिलेगा फ्री सफर
- ₹10 से ₹25 तक के स्लैब में होगा किराया
- गाजीपुर, नांगलोई और ईस्ट विनोद नगर से प्रारंभिक संचालन

दिल्ली सरकार राजधानी के नागरिकों के लिए एक नई परिवहन सेवा ‘देवी’ (Delhi Electric Vehicle Interchange) शुरू करने जा रही है। परिवहन विभाग के मुताबिक, 22 अप्रैल से यह मोहल्ला इलेक्ट्रिक बस सेवा के रूप में शुरू होगी। इसकी शुरुआत 255 नौ मीटर लंबी इलेक्ट्रिक बसों के साथ की जाएगी, जो आंतरिक इलाकों को मुख्य सड़कों से जोड़ने का काम करेंगी।
कहां से चलेंगी देवी बसें?
देवी बसों का पहला जत्था गाजीपुर, नांगलोई और ईस्ट विनोद नगर डिपो से संचालित होगा। ये बसें DTC बस रूट्स और मेट्रो स्टेशनों तक फीडर सेवा देंगी। हर बस औसतन 12 किलोमीटर के रूट पर चलाई जाएगी, जिससे यात्रियों को अंतिम मील की कनेक्टिविटी मिल सकेगी।
कितना होगा किराया?
देवी बस सेवा में कोई नया किराया नहीं जोड़ा गया है। ₹10, ₹15, ₹20 और ₹25 के टिकट तय किए गए हैं। महिलाएं पिंक टिकट के जरिए इस सेवा का नि:शुल्क लाभ उठा सकेंगी।
बस की सुविधाएं:
हर देवी बस में 23 सीटें होंगी, जिनमें से 6 महिलाओं के लिए आरक्षित रहेंगी और 13 यात्री खड़े होकर सफर कर सकेंगे। बसों में 196 kW की बैटरी क्षमता होगी, जो 45 मिनट चार्ज में 200 किलोमीटर की दूरी तय करने में सक्षम हैं।
सरकार की योजना:
परिवहन मंत्री पंकज सिंह ने बताया कि सरकार सतत गतिशीलता की दिशा में तेजी से काम कर रही है। वर्ष 2025 के अंत तक 10,000 से अधिक बसों का लक्ष्य रखा गया है, जिनमें 80% इलेक्ट्रिक बसें होंगी।
Leave a Reply